नफरती बयानबाजी, ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कानून बनाने पर विचार कर ही कर्नाटक सरकार: सिद्धरमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार नफरती बयानबाजी के खिलाफ कानून बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कानून बनाने के बारे में चर्चा जारी है। मुख्यमंत्री ने यहां सभी जिलों के उपायुक्तों (डीसी) और सभी जिला पंचायतों के सीईओ के साथ दो दिवसीय समीक्षा बैठक के अंत में यह बात कही। सिद्धरमैया ने कहा, मैंने कहा है कि अगर कोई नफरत फैलाने वाला भाषण देता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। हम इसके खिलाफ कानून लाएंगे। सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा, नफरत फैलाने वाले भाषण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों। उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाने चाहिए।